अल्मोड़ा , अक्टूबर 12 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने 25.240 किलोग्राम अवैध गांजा बरामदगी के मामले में जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर फरार हुए आरोपी जगदीश सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत नौ अक्टूबर को भतरौजखान पुलिस की ओर जैनल-देघाट मार्ग पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों के कब्जे से 25.240 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
इसी के साथ ही पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर धारदार पाटल से हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच जगदीश सिंह मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में थाना भतरौजखान थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 109(1), 121(1), 132, शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
आखिरकार सर्विलांस की मदद से आरोपी को बन्नाखेड़ा, थाना बाजपुर से दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ़ रामनगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत पहले से एक मुकदमा दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित