श्रीनगर , अप्रैल 10 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए घाटी भर में 14 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कुलगाम में एक मेडिकल दुकान को भी सील कर दिया गया क्योंकि उसने 'शेड्यूल एच' दवाओं की बिक्री से जुड़े अनिवार्य नियमों का उल्लंघन किया था।
पुलिस ने बताया कि अनंतनाग जिले में विशेष सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद नैना गुंड बाबा खलील संगम स्थित एक घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान 3.99 किलोग्राम चरस पाउडर जैसा पदार्थ बरामद किया गया। आरोपी फैयाज अहमद डार और उसके बेटे अरबाज अहमद डार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अलग अभियान में अनंतनाग के नयी बस्ती मरहामा में गश्त कर रही एक टीम ने एक कार को रोका और दो व्यक्तियों से 488 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया। अनंतनाग बाईपास पर दंतर पुल के पास एक अन्य नाके पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से पुलिस ने 190 ग्राम से अधिक चरस (स्टिक और पाउडर दोनों रूपों में) बरामद की।
कुलगाम में भी कई अभियान चलाए गए। फुर्राह न्यू बाईपास पर एक संदिग्ध को 110 ग्राम चरस, 2 ग्राम हेरोइन और 22,000 रुपये नकद के साथ पकड़ा गया। अखरान में एक अन्य व्यक्ति को 63 ग्राम से अधिक चरस और थोड़ी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। एक अलग मामले में काजीगुंड में पुलिस ने एक नशा तस्कर के पास से मक्के के छिलके में छिपाई गई 109 ग्राम चरस बरामद की।
काजीगुंड मामले में आगे की जांच से एक बड़ी आपूर्ति श्रृंखला का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने अनंतनाग के सिरहामा में तलाशी अभियान चलाया और 1.212 किलोग्राम चरस बरामद की । इसके साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की गयी है।
पुलिस ने पुलवामा में रहमू इलाके में एक संदिग्ध से छह किलोग्राम अर्ध-पिसा हुआ गांजा पाउडर जब्त किया। इस बीच अवंतीपोरा में रेलवे स्टेशन के पास एक चेकपॉइंट पर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से लगभग 29 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित