देहरादून , मार्च 19 -- उत्तराखंड में देहरादून के प्रेमनगर में 13 मार्च को बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में महिला का शव मिलने से हडकंप मच गया था, इसके बाद से पुलिस लगातार मामले में आरोपी की तलाश करती रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है।

पुलिस ने रंजीत शर्मा नाम के आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जो खुद मृतका रूपा का पति था और दोनों बिहार के रहने वाले हैं। अब पुलिस रंजीत को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने गुरुवार को अपने कार्यालय में हत्याकांड के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी कि पूछताछ में मालूम हुआ कि रंजीत शर्मा की मृतका रूपा से शादी हुई थी, हालांकि कुछ समय बाद दोनों अलग रहने लगे साथ ही रूपा ने किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी और रंजीत शर्मा ने भी सुशीला नाम की महिला से शादी कर ली थी।

करीब साल भर पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर 11 माह की बच्ची के साथ रंजीत के पास आई और प्रेम नगर क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहे रंजीत शर्मा के साथ रहने लगी। इसी दौरान रंजीत शर्मा की पूर्व पत्नी और रूपा ने उसके साथ रहने और दूसरी पत्नी सुशीला से दूरी बनाने को लेकर दबाव बनाया।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान दोनों में कहा सुनी हुई और रंजीत ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी, हत्या के बाद रंजीत ने कॉसवाली कोठरी में नवनिर्मित मकान जहां वह मजदूरी कर रहा था महिला के शव को एक कमरे में रख दिया।

करीब चार दिन तक शव वही पड़ा रहा। जिसके बाद आठ मार्च को रंजीत ने अपने ठेकेदार से मोटरसाइकिल और कुछ पैसे लेकर शव को बाला सुंदरी मंदिर के पास थैले में भरकर फेंक दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित