फिरोजाबाद , जुलाई 11 -- फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद थाना पुलिस ने साइबर फ्राड संगठित गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, सात चैकबुक, फर्जी कंपनी की मोहरें, दस्तावेज एवं साइबर अपराध में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजाइर कार को बरामद किया है।

पुलिस ने पकड़े गये तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाये जा रहे साइबर बज्र अभियान के अन्तर्गत थाना शिकोहाबाद पुलिस ने साइबर फ्रॉड के संगठित गैंग के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में पकड़े गये आरोपितों ने अपने नाम आशीष निवासी ,शिवा और प्रतिमा बताया। उन्होंने बताया कि उनके तीन साथी अंकुल निवासी चिनेहटी थाना भरथना .आयुष्मान उर्फ राजेन्द्र मल्लिक निवासी उड़ीसा और अन्य सहयोगी फरार हैं। पकड़े गये साइबर फ्राड गैंग के सदस्यों से पुलिस ने एक लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, सात विभिन्न बैंकों के चेकबुक, फर्जी कंपनी की मोहरें एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके साथ ही साइबर अपराध में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को बरामद कर सीज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित