ग्रेटर नोएडा , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के एडवांट कट के पास पुलिस टीम ने सार्वजनिक वाहनों बस, टैक्सी समेत अन्य वाहनों की व्यापक जांच की।
बुधवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सेंट्रल नोएडा श्री शैलेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) ग्रेटर नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों के आवश्यक अभिलेखों की जांच करने के साथ-साथ काली फिल्म, वाहनों में किए गए अनधिकृत परिवर्तन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तकनीकी मानकों का निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए जागरूक भी किया। जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए वाहनों और व्यक्तियों की भी गहनता से पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को मजबूत करना है। विशेष रूप से ऐसे वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है जिनमें नियमों के विपरीत बदलाव किए गए हैं अथवा जिनके दस्तावेज पूरे नहीं हैं।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें और वाहन में किसी भी प्रकार का अनधिकृत परिवर्तन न कराएं।
उल्लेखनीय है कि गत चार अगस्त को ग्रेटर नोएडा परी चौक से बस में सवार नाबालिग छात्रा के साथ दुषकर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मचने के बाद यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और अब लगातार इस कार्रवाई विशेष रूप से अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित