प्रतापगढ़ , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम ने सोमवार को सोने का लॉकेट लूटने की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों से आज रात मिली जानकारी के अनुसार महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से गश्त एवं जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 28 जून को टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से सोने का लॉकेट छीनने की घटना में शामिल दो आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के आगे आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी अंकित जोशी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंकित जोशी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेज दिया। वहीं उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में ले लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित