अल्मोड़ा , सितंबर 27 -- साइबर ठगी के बढ़ते अपराधों को देखते हुए पुलिस अब गांव गांव चौपाल लगा रही है और लोगों को जागरूक करने में जुटी है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम मिरौली में शनिवार रात्रि को चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही निस्तारण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर साइबर सुरक्षा, नए आपराधिक कानून, नशा और यातायात जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने यह चौपाल आयोजित की, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने प्रतिभाग किया।
चौपाल में ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्टिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के प्रमुख प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिला-बाल सुरक्षा और नशे के खिलाफ भी ग्रामीणों को जागरूक किया और नशा मुक्त समाज बनाने की अपील की। नशे से जुड़ी गोपनीय सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, बारिश के दौरान सावधानी और रात्रि में जंगली जानवरों की गतिविधियों को देखते हुए घरों से अनावश्यक न निकलने की अपील की गई। आपातकालीन स्थिति के लिए डायल 112 और आपदा हेल्पलाइन 1070 की जानकारी भी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित