कोरबा , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा पुलिस ने होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आज मानिकपुर चौकी क्षेत्र में ढेलवाडिह नाला के पास संचालित महुआ शराब की अवैध भट्ठी पर छापा मारकर जमीन में दबाकर रखे गए 10 ड्रम महुआ लहान को नष्ट किया और 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी होली के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी में थे। मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में दादर निवासी आदित्य राज जांगड़े समेत दो अन्य शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि अवैध रूप से तैयार किए जा रहे महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है तथा जब्त की गई कच्ची महुआ शराब के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित