भरतपुर , जुलाई 20 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को एक 80 वर्षीया बुजुर्ग महिला को सुजानगंगा नहर में कूदकर आत्महत्या करने से बचा लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुजुर्ग महिला की पहचान संता देवी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि केतन गेट के समीप एक बुजुर्ग महिला खड़ी थी। उसके इरादों को भांप कर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलने पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन प्रभारी सहायक उप निरीक्षक गोविंद सिंह अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग महिला को अपने संरक्षण में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि महिला के दो पुत्र बंटू एवं भीकम हैं, लेकिन वे उपेक्षित व्यवहार करते हुए उसके और उसके पति को भूखा रखते हैं। बीमारी की हालत में उनका उपचार तक नहीं कराते जिससे आहत होकर उसने अपनी जीवनलीला खत्म करने का फैसला किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित