हैदराबाद , अक्टूबर 28 -- तेलंगाना की पुलिस ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी तथा उनके बेटे कार्तिक रेड्डी को बुधवार को हैदराबाद के श्रीनगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर नज़रबंद कर दिया।

श्रीमती सबिता इंद्रा रेड्डी ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जतायी और कहा कि सरकार राज्य में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है।। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के आज सुबह चार बजे से ही उनके घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जबकि कोई विरोध-प्रदर्शन भी नहीं बुलाया गया था।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पुलिस की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं को इसलिए हिरासत में लिया गया ताकि वे 'मूसी नदी परियोजना' पर होने वाले जन-परामर्श में शामिल न हो सकें।

श्री रामाराव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख करोड़ रुपये की प्रस्तावित 'मूसी परियोजना' को किसानों और नदी के किनारे रहने वाले परिवारों की कीमत पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सरकार की इस बात के लिए भी आलोचना की कि वह उन किसानों को पर्याप्त मुआवजा देने में विफल रही, जिनकी फसलें सूखे के कारण बर्बाद हो गयी। उन्होंने श्रीमती सबिता इंद्रा रेड्डी और उनके बेटे कार्तिक रेड्डी को तुरंत और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी 'मूसी परियोजना' के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी और सूखे से प्रभावित किसान परिवारों के लिए राहत की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित