आजमगढ़ , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल और लगातार अभियान के दम पर आजमगढ़ पुलिस ने आज 372 खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए।

फरवरी 2024 से अब तक पुलिस 5,022 मोबाइल बरामद कर करीब 12.15 करोड़ रुपये की संपत्ति लोगों तक वापस पहुंचा चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है।

सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मई 2026 में खोए हुए 372 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है, बरामद किए।

रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने आजमगढ़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 1,779 मोबाइल फोन करीब 4.26 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से पिछले 29 महीनों में कुल 5,022 मोबाइल फोन करीब 12.15 करोड़ रुपये बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए गए हैं। यह अभियान आमजन के विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उदाहरण बन रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित