भरतपुर , जुलाई 24 -- राजस्थान में रीट-2021 की परीक्षा में पेपर लीक को लेकर पूरे राजस्थान में मच रहे हंगामे के बीच भरतपुर में पुलिस ने एक चौकाने वाला खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश मीना ने शुक्रवार को बताया कि भरतपुर के वैर कस्बे के निवासी ठेकेदार प्रहलाद बैरवा का 26 मार्च 2025 को न्यायालय जाते समय किये गए अपहरण के तार रीट-2021 परीक्षा से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में प्रहलाद की पत्नी पूनम बैरवा को पास कराने के नाम पर गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र धाकड़ ने पांच लाख रुपए लिए थे, जब प्रहलाद की पत्नी सफल नहीं हुई तो उसने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी धर्मेंद्र जाखड़ ने अपने साथी विनोद मीणा के साथ मिलकर प्रहलाद का वैर से अपहरण किया और उसे धौलपुर की ओर ले गए। वहां जंगल में गला घोंटकर प्रहलाद की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव जमीन में गाड़ दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार को जंगल से शव के अवशेष बरामद कर लिए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पॉलीग्राफ टेस्ट में दोनों आरोपियों ने इसका खुलासा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित