फगवाड़ा , मई 08 -- नशा तस्करी और अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब में कपूरथला जिला पुलिस ने शुक्रवार को सुल्तानपुर लोधी के नजदीक गांव टोटी में पंचायत की 15 मरला जमीन पर किये गये अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि यह कार्रवाई ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी सुल्तानपुर लोधी की लिखित मांग पर की गयी। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अर्थमूविंग मशीनों की मदद से पंचायत भूमि को कब्जामुक्त कराया। पुलिस के अनुसार यह कब्जा कथित तौर पर परविंदर सिंह उर्फ पिंडा नामक व्यक्ति से जुड़ा था, जो नशा तस्करी के मामलों में आरोपी है। उसके खिलाफ सुल्तानपुर लोधी और लोहियां थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी जेल में बंद है।

श्री तूरा ने कहा कि जिला पुलिस ने नशा तस्करों, आपूर्तिकर्ताओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनायी है। यह कार्रवाई सार्वजनिक जमीन वापस लेने और नशा कारोबार से जुड़े लोगों के प्रभाव को खत्म करने के अभियान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि गांव टोटी पहले नशे के हॉटस्पॉट के रूप में बदनाम था, लेकिन लगातार पुलिस निगरानी, सख्त कार्रवाई और सिविल प्रशासन के सहयोग से पिछले कुछ महीनों में यहां नशे की आपूर्ति और गैरकानूनी गतिविधियों में बड़ी कमी आयी है।

श्री तूरा ने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन का सहयोग करें और नशा पीड़ितों को समय पर इलाज एवं पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, लेकिन सामाजिक जागरूकता और पुनर्वास भी उतने ही जरूरी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले भर में अवैध कब्जों और नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित