ग्रेटर नोएडा , जून 07 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने एटीएम मशीनों में धोखाधड़ी कर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गत शनिवार बिसरख थाना पुलिस एसकेएस तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ग्रीन आर्च की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके और तेज गति से 6 प्रतिशत पार्क की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, इस दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश की पहचान सोहेल मलिक (24), निवासी सलारपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। वहीं उसके दो साथियों शोएब मलिक (25) और राकेश कुमार (24) को पुलिस ने खोज के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एटीएम मशीनों को निशाना बनाते थे। गिरोह एटीएम के कार्ड स्लॉट में (फेवीक्विक) डाल देता था, जिससे ग्राहकों के कार्ड मशीन में फंस जाते थे।

इसके बाद आरोपी एटीएम पर एक पर्ची चिपका देते थे, जिस पर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में लिख देते थे। जब कोई ग्राहक कार्ड फंसने पर उस नंबर पर कॉल करता था, तो आरोपी उसे गुमराह कर एक-दो बार पिन डालने के लिए कहते थे और उसका पिन नंबर देख लेते थे।

फिर वे ग्राहक को यह कहकर भेज देते थे कि एक घंटे बाद उसका कार्ड निकलवा दिया जाएगा। ग्राहक के जाने के बाद आरोपी प्लास और पेचकस की मदद से एटीएम से कार्ड निकाल लेते थे और उसके जरिए खाते से रुपये निकाल लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल , एक पेचकस और एक प्लास फेविक्विक एल्फी के दो पैकेट,7,320 रुपये नकद, एटीएम धोखाधड़ी में प्रयुक्त अन्य सामग्री सामान बरामद किया हैगिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 से 2026 के बीच फेस-दो थाना, सेक्टर-39, सेक्टर-49 और बिसरख थानों में इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों द्वारा एटीएम धोखाधड़ी के अलावा अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य राज्यों या जिलों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित