अंबिकापुर , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार मायापुर निवासी राधा देवी ने शुक्रवार को (19 मार्च) कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मार्च को वह अपनी एक्टिवा स्कूटी से घर के पास एक काम से गई थीं। स्कूटी खड़ी कर बातचीत करने के बाद जब वापस लौटीं तो वाहन वहां नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चंदन गुप्ता और उसका साथी जीवन कैलाश उर्फ बुट समलाया मंदिर क्षेत्र के आसपास मोटरसाइकिल चोरी की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने शहर और आसपास के इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घुटरापारा नहर रोड नर्सरी के पास से दो स्कूटी और चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इनमें एक्टिवा स्कूटी, होंडा ड्रीम, टीवीएस स्पोर्ट और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी चंदन गुप्ता के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास और वर्ष 2022 में चोरी से संबंधित प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित