नयी दिल्ली , जून 29 -- राष्ट्रीय राजधानी की नजफगढ़ थाना पुलिस ने द्वारका जिले में एक अभियान चलाकर दो वांछित अपराधियों रोहित लांबा उर्फ अमित उर्फ मोहित और रितिक ठाकुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि छिपाकर रखे गए हथियार को ले जाने के दौरान हुई कथित मुठभेड़ में रोहित लांबा के पैर में गोली लगी है। उसके पास से एक अवैध पिस्तौल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई जिले के 'नो गन्स, नो गैंग्स' अभियान का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य अवैध हथियारों और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसना है।

श्री सिंह ने कहा कि पुलिस टीमों को गैंग के सदस्यों, आदतन अपराधियों और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी रखने और लक्षित कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिये गये हैं।

पुलिस के अनुसार, एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नजफगढ़ थाने की टीम ने 28 जून को शक्ति नगर एक्सटेंशन में साईं बाबा मंदिर के पास एक स्थान पर छापेमारी की और रोहित लांबा तथा रितिक ठाकुर को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान रोहित लांबा ने कथित तौर पर उस जगह का खुलासा किया जहां उसने अवैध पिस्तौल छिपाई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित