जगदलपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11.525 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत छह लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार इंद्रावती नदी के नयापुल के नीचे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अनिल खोरा पिता चेतन खोरा (38) , निवासी ग्राम बंडाबासा, थाना माचकुंड, जिला कोरापुट (ओडिशा) तथा ललित बाग पिता उर्द्धप बाग, (32) निवासी ग्राम सेमलीगुड़ा, थाना सुनाबेड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अवैध गांजा को बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस के ही अनुसार दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर बस्तर क्षेत्र में खपाने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।है। आरोपियों को मंगलवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय (एनडीपीएस), जगदलपुर भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित