हरिद्वार , मई 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में थाना बुग्गावाला क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक और हलाला से जुड़े एक मामले में पुलिस ने गुरुवार को जांच पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम मुजाहिदपुर सतीवाला निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर मारपीट, दहेज की मांग और तीन तलाक देने के आरोप लगाते हुए थाना बुग्गावाला में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पति, ससुर, जेठ, देवर समेत परिवार के अन्य सदस्यों को नामजद किया। विवेचना में हलाला और तीन तलाक से संबंधित तथ्य भी सामने आए, जिसके बाद मामले में यूसीसी एक्ट के प्रावधान भी जोड़े गए। जांच के दौरान देहरादून निवासी एक अन्य व्यक्ति का नाम भी प्रकाश में आने पर उसे भी मामले में शामिल किया गया।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर सभी आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय स्तर पर की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित