मैनपुरी, मई 10 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले की साइबर सेल और थाना साइबर अपराध टीम ने आम जनता को लुभावने ऑफर देकर ठगी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में नौकरी लगवाने, निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान मैनपुरी जनपद के कुछ बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन पाया गया।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी सौरभ बनर्जी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच में प्रियांशु तोमर निवासी ग्राम श्यामपुर भटपुरा का खाता प्रकाश में आया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार को गढिया रोड से आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रियांशु तोमर पुत्र प्रदीप सिंह और अमन तोमर पुत्र अरविन्द कुमार निवासी ग्राम श्यामपुर भटपुरा एवं अवनीश पुत्र स्वं० प्रेम कुमार नि० भटपुरा थाना बेबर मैनपुरी शामिल हैं।
पुलिस जांच में प्रियांशु के खातों से जुड़ी 17 और अमन के खातों से जुड़ी 12 राष्ट्रीय स्तर की साइबर शिकायतें मिली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से लोगों को झांसा देकर ठगी की रकम अपने खातों में मंगवाते थे और फिर उसे आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित