ऋषिकेश , फरवरी 20 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के कोतवाली डोईवाला क्षेत्र से लापता 13 वर्षीय नाबालिग किशोर को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इस सफल कार्रवाई के बाद परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने उत्तराखण्ड पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 18 फरवरी को एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसका 13 वर्षीय पुत्र बिना बताए घर से कहीं चला गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर खोजबीन शुरू की गई।

पुलिस टीम ने बालक के घर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय स्तर पर पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि बालक हरिद्वार में देखा गया है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां से बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित