पांढुर्णा , सितंबर 24 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्णा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरखेड़ी गांव में कपास के खेत के बीच छिपाकर की जा रही गांजे की खेती पकड़ी है।
पुलिस ने खेत से गांजे के 56 पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन करीब 24 किलो बताया गया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरखेड़ी गांव के एक खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे छिपाकर उगाए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की।
पुलिस के अनुसार खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे इस तरह लगाए गए थे कि बाहर से देखने पर आसानी से नजर नहीं आ रहे थे।
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही पांढुर्णा एसपी प्रकाश चंद्र परिहार और एएसपी मनकामना प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम से कार्रवाई की जानकारी ली और खेत की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने मामले में विकास पाटिल को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका पिता मनोहर पाटिल पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गांजे की अवैध खेती से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और तैयार होने के बाद गांजे को कहां खपाने की योजना थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित