देहरादून , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चला रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ संपूर्ण राज्य में चलाये जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने को कहा है।

इसके बाद पुलिस के अलग-अलग टीमों ने जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों के होटल ,बार, पब रेस्टोरेंट आदि का औचक निरीक्षण किया है।

पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान प्रेम नगर क्षेत्र के दो होटलों में बगैर लाइसेंस के अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी, इन प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्धआबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके अलावा मौके पर शराब पी रहे 8 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया और थाने लाया गया, इसके अतिरिक्त अलग-अलग इलाकों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 36 अन्य व्यक्तियों को भी पकड़कर थाने लाया गया, सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।

इसी तरह ऋषिकेश और विकास नगर क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों समेत तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक वाहन हिमाचल प्रदेश से चोरी किया गया था।

वहीं सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी करके शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे 10 लोगों को पुलिस ने देहरादून के कैंट ,क्लेमेंटाउन व डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जबकि देर रात घूम रहे 657 व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई और 67 संदिग्धों को थाने लाया गया।

पुलिस ने उनसे जरूरी पूछताछ की और उनके सत्यापन की कार्यवाही की। देहरादून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 115 संदिग्ध लोगों के 81 पुलिस एक्ट में चालान किए व उनसे 28750 रुपए का जुर्माना वसूल किया।

पुलिस के मुताबिक शराब का सेवन करके वाहन चला रहे 9 वाहन चालकों पर कार्रवाई करके गिरफ्तार किया गया जबकि वाहनों को सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर 90 वाहन चालकों के मोटर व्हीकल एक्ट में चालान कर लगभग 52500 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित