रुद्रपुर , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में "नशा मुक्त देवभूमि" अभियान के तहत पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 558.78 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद गांजा ओड़िशा के सोनपुर से लाया जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत शनिवार को विशेष अभियान समूह (एसओजी) रुद्रपुर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की गयी।

टीम ने रुद्रपुर स्थित बागवाला फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध कैंटर वाहन को घेराबंदी कर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में सुतली के गट्ठरों के बीच छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों और तीन बैगों से 558.78 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन और 29,880 रुपये नकद भी जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में संजय गुप्ता निवासी दूधिया नगर, किच्छा रोड, रुद्रपुर, डीटू यादव और मोहित यादव निवासीगण नगला पीपल, थाना ओछा, मैनपुरी, उप्र शामिल हैं।

उन्होंने आगे बताया कि आरोपी बरामद गांजा को उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से ला रहे थे और रुद्रपुर में सप्लाई करने की फिराक में थे। मुख्य आरोपी संजय गुप्ता के खिलाफ रूद्रपुर और पुलभट्टा में पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी के अवैध रूप से अर्जित तीन करोड़ रुपये की संपत्ति को भी संबद्ध करने की कार्यवाही की जा रही है।

इस संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

एसएसपी श्री गणपति ने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 7,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है। पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित