धार , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के थार में सरदारपुर तहसील के ग्राम अमझेरा में स्थित प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने गिरोह का सरगना समीर सहित कुल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के खिलाफ धार के कई थानों में 20 से अधिक अपराध दर्ज है।

मामले का खुलासा एएसपी पारुल बेलापुरकर द्वारा थाने पर पत्र परिषद में किया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर माताजी का चांदी का मुकुट, छत्र, कुण्डल और नाग-नागिन के जोड़े सहित करीब दो लाख 30 हज़ार मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि अमझेरा थाना अंतर्गत चालनी रोड स्थित मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। 24 जुलाई को फरियादी कांतिलाल मोदी निवासी भैरू मोहल्ला, अमझेरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने हरदम लाला मंदिर के सामने स्थित नानादेवी मंदिर के चैनल गेट और दरवाजे के ताले तोड़कर माताजी का चांदी का मुकुट, कुण्डल, तीन छत्र, दो जोड़े नाग-नागिन, पीतल की मूर्तियां और सीसीटीवी की 17 इंच एलईडी स्क्रीन चोरी कर ली है।

एएसपी बेलापुरकर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना तंत्र और साइबर सेल की मदद से संदेही समीर , संजय और सुरेश सभी निवासी थाना बाग क्षेत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों-रवि उर्फ रविन्द्र भील पिपरी और महेन्द्र भुरिया नाहवेल के साथ मिलकर बाइक से अमझेरा आकर लोहे की टांमी से ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों से चांदी का एक मुकुट, चांदी के कान के कुण्डल,चांदी के तीन छत्र एक बड़ा व दो छोटे, चांदी के नाग-नागिन के दो जोड़े एक बड़ा व एक छोट कुल अनुमानित कीमत: लगभग दो लाख 30 हजार बरामद किए गए है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। समीर के विरुद्ध नौ, संजय के विरुद्ध आठ और सुरेश के विरुद्ध तीन आपराधिक प्रकरण बाग, मनावर, सरदारपुर, पीथमपुर और सेक्टर-1 थानों में दर्ज हैं। आरोपियों ने माह मई में आगर घाटी बाग में एक दंपति को फालिया अड़ाकर चांदी की तागली लूटने की वारदात भी स्वीकार की है।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित