बैतूल , मार्च 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में थाना गंज पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सात मार्च 2026 को फरियादी सावित्री कचाहे (35) निवासी ग्राम गोडगा थाना आठनेर, हाल निवासी अयोध्या बस्ती कोठलवाना गंज ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बालिका की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार तलाश में जुटी रही।

पुलिस ने तकनीकी और मैदानी स्तर पर लगातार प्रयास करते हुए 14 मार्च 2026 को नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। इसके बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित