काकीनाडा , जुलाई 10 -- आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में एक पुलिस निरीक्षक ने सड़क किनारे गंभीर हालत में मिली एक युवती को बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया जिससे उसकी जान बच गयी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक टू टाउन पुलिस थाने के निरीक्षक मज्जी अप्पाला नायडू नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। उन्हें सूचना मिली कि गांधीनगर में सुब्बैया होटल के पास 20 साल की एक युवती बेहाल हालत में पड़ी है और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस तुरंत उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने युवती को अपनी सरकारी पुलिस गाड़ी से अपोलो अस्पताल पहुंचाया और बिना देरी किये उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने कहा कि समय पर मदद मिलने से युवती की जान बच गयी। श्री अप्पाला नायडू अस्पताल में तब तक रुके रहे जब तक डॉक्टरों ने उन्हें यह नहीं बताया कि उसकी हालत स्थिर हो गयी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस निरीक्षक के मानवीय व्यवहार और तेज़ी से की गई कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस अधीक्षक बिंदु माधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं काकीनाडा के प्रभारी एसडीओपी डॉ. महंती किशोर कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षक अप्पाला नायडू की संवेदनशील सेवा के लिए उनकी प्रशंसा और कहा कि उनके इस काम से पुलिस विभाग का मान बढ़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित