भरतपुर , सितम्बर 05 -- राजस्थान में डीग जिले के कामा थाना क्षेत्र में फेसबुक पर एक फोटो अपलोड करके पुलिस को खुली चुनौती देने वाले एक बदमाशा को पुलिस ने हवालात की हवा खिला दी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पालड़ी गांव निवासी आसू मेव ने हाथ में डंडा लेकर हरियाणा नम्बर की एक जीप पर बैठकर एक फोटो अपलोड की जिसके कैप्शन में पुलिस के खिलाफ अभद्र वाक्य लिखा गया था।

इस पोस्ट के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गयी और उसने युवक को धरदबोचा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है जिसमें वह अपने किये पर शर्मिंदगी जाहिर करते हुए भविष्य में ऐसी किसी गलती की पुनरावृत्ति नहीं करने की कसम खा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित