आजमगढ़ , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सटीक इस्तेमाल करते हुए आज एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अत्याधुनिक 'यक्ष ऐप' से मिले अलर्ट के आधार पर, पुलिस ने जिला अस्पताल से फरार हुए 25,000 रुपये के इनामी हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी थाना रौनापार पुलिस द्वारा हैदराबाद बंधा चौराहे से की गई।

आजमगढ़ जिले की रौनापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर बंदी को गिरफ्तार किया है जो बीते साल दिसंबर में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

12 दिसम्बर 2025 को जिला कारागार आजमगढ़ के जेलर अनिल कुमार पाण्डेय ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या के मामले में बंद कैदी उदय को मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से वह बंदी रक्षकों की आंखों में धूल झोंककर फरार होने में कामयाब रहा। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

लगातार फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आजमगढ़ ने 1 मई 2026 को अभियुक्त उदय पर 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। इस बीच, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के कुशल नेतृत्व में विकसित यक्ष ऐप ने इस अपराधी की लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों का अलर्ट जारी किया।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में रौनापार पुलिस ने जाल बिछाया। आज रविवार को सुबह यक्ष ऐप से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने हैदराबाद बंधा चौराहा की घेराबंदी की और अभियुक्त उदय को दबोच लिया।

पकड़ा गया अभियुक्त मूल रूप से अहमदाबाद (गुजरात) के इशनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में निवास कर रहा था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित