अलवर , जुलाई 31 -- राजस्थान में जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप शुक्रवार को एक दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर अलवर पहुंचे।

इस दौरान श्री राष्ट्रदीप ने पुलिस अधिकारियों के साथ संपर्क सभा की, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर बैठक ली और जिले की पुलिस व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अलवर पुलिस के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन पुलिस इन परिस्थितियों का बेहतर तरीके से सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

श्री राष्ट्रदीप ने कहा कि हर परिवादी की पहली अपेक्षा होती है कि थाने में उसकी शिकायत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाये। कई बार विभिन्न कारणों से तत्काल समाधान संभव नहीं हो पाता, लेकिन पुलिस का प्रयास होना चाहिए कि फरियादी को यह महसूस न हो कि उसकी शिकायत को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र और अन्य इलाकों में बदलते अपराध के तरीकों को देखते हुए साइबर अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साइबर अपराधों की जांच करने वाले अधिकारियों को नयी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जयपुर पुलिस मुख्यालय में नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, ताकि जांच अधिकारी साइबर अपराधियों के नये तौर-तरीकों को समझकर प्रभावी कार्रवाई कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित