सिरसा , मई 08 -- हरियाणा के सिरसा शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बिगड़ते सफाई हालात को देखते हुए जिला प्रशासन सख्ती के मूड में नजर आया। बीते दिन भी प्रशासन ने पुलिस की सहायता से बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर बने कूड़े के डंपिंग प्वाइंटों से कचरा उठाने का प्रयास किया था, लेकिन आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों ने विरोध कर अभियान को बाधित कर दिया।
शुक्रवार सुबह एक बार फिर जिला प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में कचरा उठाने का अभियान शुरू किया। नगर परिषद अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से कचरा एकत्र किया, जिसका हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने तीखा विरोध जताया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन उनकी मांगों की अनदेखी कर जबरन काम करवाने का प्रयास कर रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने लगी थीं, इसलिए जनहित में यह कदम उठाना आवश्यक था।
उल्लेखनीय है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बस स्टैंड और डाकखाना क्षेत्र के पास कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गये हैं। नगर परिषद ने पुलिस की मदद से जेसीबी मशीनों द्वारा इन स्थानों से कचरा उठवाया। इसकी सूचना मिलते ही धरनारत सफाई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गये। इस दौरान पुलिस ने 30 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें टाउन पार्क के पास छोड़ दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित