अलवर , जनवरी 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस की मुखबिरी करने के शक में साइबर ठगी के आरोपियों ने एक युवक पर जान लेवा हमला किया, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तसई गांव में पीड़ित तालिम खां मोटरसाइकिल से कठूमर से अपने गांव तसई लौट रहा था। वह जैसे ही आरोपियों के घर के सामने पहुंचा, वहां पहले से घात लगाये बैठे लोगों ने उसकी मोटर साइकिल रुकवाकर उसे जबरन अपने घर में खींच लिया और उस पर पुलिस से मिला होने का आरोप लगाते हुए उस पर लाठी-डंडे, फावड़ा और फर्सी जैसे घातक हथियारों से हमला किया। हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को बचाया। पीड़ित पक्ष ने कठूमर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित