भरतपुर , अप्रैल 19 -- राजस्थान में भरतपुर के उद्योग नगर थाना में रविवार को पुलिस की तत्परता से आत्महत्या करने जा रहे एक युवक की जान बच गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उद्योग नगर पुलिस में दर्ज एक मामले में उत्पीड़न से आहत होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्म हत्या करने जा रहे युवक ने व्हाट्सएप पर अपने दोस्त को आत्महत्या करने जाने का संदेश भेजा ओर धोरमुई क्षेत्र में पटरियों की ओर रवाना हो गया।

सूत्रों ने बताया कि संदेश मिलते ही उसका दोस्त घबरा गया और उसने उसी समय पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद से सम्पर्क करके मामले से अवगत कराया और दोस्त को बचाने का अनुरोध किया।

इस पर श्री आनंद ने तुरंत ही उद्योग नगर पुलिस के साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सतर्क कर दिया। उन्होंने युवक के स्थान का पता लगाकर मौके पर पहुंचने के आदेश दिये। सौभाग्यवश पुलिस दल ट्रेन आने से पहले ही मौके पर पहुंच गया जहां उन्होंने युवक को पटरियों के बीच में खड़े देखा। इसके बाद उसे बचाकर थाने लाया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित