फगवाड़ा , जून 26 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शुक्रवार को पंजाब में फगवाड़ा के पुलिस उपायुक्त कार्यालय के बाहर पुलिस की कथित ज्यादती और आम लोगों की आवाज दबाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष पुलिसिंग और न्याय की मांग की।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बसपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप, ग्रामीण जिला अध्यक्ष परमिंदर बोध और फगवाड़ा उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह शेरगिल ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस बल की कमी का हवाला देती है, लेकिन जब लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया जाता है।
बसपा नेताओं ने दावा किया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और लूट, स्नैचिंग, चोरी, रंगदारी तथा हत्या जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि बसपा दलितों, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद उपाधीक्षक पलविंदर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस थानों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा होगा और अपराध तथा नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित