हरिद्वार, जनवरी 29 -- उत्तराखंड में देवभूमि को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सख़्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना भगवानपुर पुलिस ने गुरुवार को युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 04.20 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर नशा मुक्त भारत अभियान एवं ड्रग्स फ्री देवभूमि के तहत जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक थाना भगवानपुर ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर सघन चेकिंग के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने ग्राम हाल्लूमाजरा की ओर जाने वाली चकरोड से आरोपी वकील पुत्र खलील, निवासी खेलड़ी, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 04.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना भगवानपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित