भरतपुर , मई 11 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट तीन महिलायें सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गयीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की कार्यशैली से नाराज बतायी जा रही इन महिलाओं को टंकी से उतारने के लिए समझाने के साथ ही नागरिक सुरक्षा की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किये जा रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि चार मई को सूरजमल नगर में मंजू और सांवलिया मीणा के परिवारों के बीच गाय बांधने और गाय चोरी होने को लेकर मारपीट हुई। इस मामले में मंजू और उसके घर की दो महिलाएं पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पानी की टंकी पर चढ़ी हैं।
महिलाओं की मांग है कि उनसे मारपीट करने वाले उनके पड़ोसियों की गिरफ्तारी की जाये उसके बाद वह नीचे उतरेंगी। फिलहाल उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित