रायपुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस की निगरानी में रखे गए जब्त वाहन की चोरी का मामला सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। ट्रैफिक थाना फाफाडीह के सामने खड़े एक मेटाडोर को अज्ञात चोर चोरी कर रफूचक्कर हो गये।
पुलिस से रविवार को प्राप्त ताज़ा जानकारी के अनुसार, मेटाडोर क्रमांक को सात अप्रैल को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने के कारण जब्त किया गया था। यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 115/194 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना परिसर के सामने खड़ा कर दिया था। वाहन चालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आठ अप्रैल को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
बताया गया है कि वाहन दो दिनों तक वहीं खड़ा रहा, लेकिन नौ अप्रैल की देर रात रात अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गए। प्रारंभिक स्तर पर वाहन की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।
यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक केशरी कुमार साहू की रिपोर्ट पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पुलिस कस्टडी में रखे वाहनों को सामान्यतः सुरक्षित माना जाता है लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित