भोपाल , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 7500 पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भर्ती के लिए अगस्त 2025 में विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 9 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। लिखित परीक्षा के बाद 57,990 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया, जो 23 फरवरी से 14 मार्च 2026 तक प्रदेश के 10 केंद्रों पर आयोजित हुई। इसमें 44,483 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

अंतिम परिणाम के अनुसार कुल 6,525 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें से 5,916 अभ्यर्थियों का चयन जिला पुलिस बल के लिए तथा 609 अभ्यर्थियों का चयन विशेष सशस्त्र बल के लिए किया गया है। पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न किया गया है। अभ्यर्थी परिणाम कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित