उज्जैन , जुलाई 8 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए धोखाधड़ी के एक आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर व्यापक तलाश अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार इंदिरा नगर निवासी नीरज श्रीवास्तव को धोखाधड़ी के एक मामले में चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने हिरासत में लिया था। मेडिकल परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय लाए जाने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर ऊंचाई से छलांग लगाई और फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ घंटों बाद बहादुरगंज स्थित एक धर्मशाला से उसे पुनः गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि अभिरक्षा से भागने के दौरान ऊंचाई से कूदने के कारण आरोपी के दोनों पैरों और कमर में चोटें आई हैं। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित