बैतूल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने 01 अक्टूबर की शाम साईखेड़ा और बैतूल बाजार थानों का औचक निरीक्षण कर लंबित अपराधों, अभिलेखों, मालखाने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, प्रभावी विवेचना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्री जैन ने दोनों थानों में मालखाने, सुरक्षा व्यवस्था, शासकीय अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया। उन्होंने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों से संबंधित रजिस्टर, लंबित अपराधों तथा शिकायतों की स्थिति की भी जानकारी ली। साईखेड़ा में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना मालवीय और बैतूल बाजार में निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि थानों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत और सूचना पर नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। गंभीर और संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, माल-मशरूका का सुरक्षित रख-रखाव और रिकॉर्ड का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त करने को भी कहा।
महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता तथा पुलिसकर्मियों में अनुशासन और आमजन के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित