भिण्ड , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत असवार थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद एक व्यक्ति के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैतपुरा गांव की महिला ने आरोप लगाया कि 16 जून को गांव के रमेश कौरव, जितेंद्र कौरव, विनोद कौरव और राजू कौरव ने उसके साथ मारपीट की तथा जातिसूचक गालियां दीं। महिला का आरोप है कि जब वह घटना की शिकायत दर्ज कराने असवार थाने जा रही थी, उसी दौरान आरोपी रमेश कौरव ने उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने प्रारंभ में केवल मारपीट का मामला दर्ज किया था। पीड़िता का आरोप है कि दुष्कर्म संबंधी शिकायत पर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उसने 14 जुलाई को पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा को आवेदन देकर न्याय की मांग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। इसके बाद एक महिला उपनिरीक्षक ने पीड़िता के बयान दर्ज किए, जिसके आधार पर आरोपी रमेश कौरव के विरुद्ध दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित