चेन्नई , जून 28 -- तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के तांबरम क्षेत्र में रविवार को पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले कुख्यात बदमाश को पुलिस टीम ने गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के वंडालूर वन क्षेत्र के पास हुई। उपनगरीय तांबरम पुलिस आयुक्त के कार्यालय की एक विशेष टीम को सूचना मिली थी कि कुछ हिस्ट्रीशीटर मन्निवक्कम-करिसंकल वन क्षेत्र में गांजे की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने शनिवार रात से इलाके में कड़ी निगरानी के बाद सेल्वम उर्फ सेल्वाकुमार और कनगराज नाम के बदमाशों को पकड़ा, जो लगभग 20 किलोग्राम गांजे के साथ जंगल में छिपे हुए थे । दोनों को जब जब्त किए गए सामान के साथ पुलिस वाहन में ले जाया जा रहा था, तो सेल्वाकुमार ने छिपाकर रखा चाकू निकाला और भागने की कोशिश करने से पहले हेड कांस्टेबल आनंदराज पर हमला कर दिया। विशेष टीम के एक उप निरीक्षक ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लग गई। घायल बदमाश और हेड कांस्टेबल दोनों को इलाज के लिए तांबरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित