मुरैना , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र के भर्रा गांव डैम के पास मंगलवार रात मुख्य मार्ग की पुलिया पर बड़ा मगरमच्छ दिखाई देने से राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मगरमच्छ को देखते ही राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे सड़क पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार मगरमच्छ करीब आधे घंटे तक पुलिया पर रहने के बाद खुद ही डैम में वापस चला गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जौरा के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सूबेदार सिंह सिकरवार के सुरक्षा गार्ड ने मगरमच्छ का वीडियो बनाया और वन विभाग को सूचना दी।

किसानी के मौसम में सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने डैम और जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

मुरैना स्थित घड़ियाल केंद्र देवरी के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान के अनुसार सूचना मिलते ही टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया, ताकि मगरमच्छ को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित