बैतूल , फरवरी 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के जेएच कॉलेज चौक पर निर्माणाधीन पुलिया से हो रही परेशानी को लेकर गुरुवार को छात्रों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम किया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार कॉलेज चौक पर पुलिया निर्माण कार्य के चलते पिछले लगभग दो माह से मुख्य सड़क बंद है। इससे कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों, शिक्षकों और आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि निर्माण स्थल पर ठेकेदार और नगर पालिका द्वारा कोई सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे रोजाना कॉलेज और परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी हो रही है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिया निर्माण कार्य की गति धीमी है और इससे अनावश्यक परेशानी बढ़ रही है। इस दौरान थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जहां छात्रों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुलिया निर्माण कार्य में अनियमितता और शासकीय धन के संभावित दुरुपयोग की आशंका जताई गई। छात्रों का कहना था कि यहां साधारण पाइप पुलिया पर्याप्त थी, लेकिन बॉक्स पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सांसद या विधायक निधि से निर्मित बस स्टॉप को बिना अनुमति हटाया गया है, जिसे छात्रों ने शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग से जोड़ा है।
प्रदर्शन के दौरान निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और छात्र नेताओं के बीच कहासुनी भी हुई, हालांकि पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। बाद में यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई और छात्रों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया। छात्रों ने पुलिया निर्माण कार्य की तकनीकी और वित्तीय जांच कराने तथा सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित