श्रीनगर , अगस्त 03 -- जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर उसके पास से एक हथगोला भी बरामद किया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई द्रबगाम-पछार मार्ग पर नाका चेकिंग के दौरान पुलवामा पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 183वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से की है। संयुक्त नाका दल ने द्रबगाम की ओर से पछार की तरफ आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। सुरक्षाकर्मियों को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पछार रोड पर फ्रूट मंडी के पास पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी की पहचान द्रबगाम पायीन निवासी तौसीफ अहमद डार के रूप में हुई है।पुलिस ने कहा कि उसके पास से एक हथगोला, तीन देश विरोधी पोस्टर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।इस घटना के संबंध में राजपोरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित