मुंबई , सितंबर 08 -- भिनेता पुलकित सम्राट ने अपने करीबी दोस्त और 'फुकरे' के सह-कलाकार अली फजल की सफलता का जश्न भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मनाया। पुलकित ने अली के वर्षों के संघर्ष, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को याद करते हुए उन्हें बधाई दी।

पुलकित ने लिखा, "मुझे तुम पर बेहद गर्व है, भाई! मैंने तुम्हारी खामोशियां भी देखी हैं और तुम्हारी पुकार भी। मैंने तुम्हारी मेहनत, तुम्हारा दर्द और सबसे बढ़कर तुम्हारी ज़िद देखी है। बधाई हो! तुम्हारी ज़िद और कड़ी मेहनत ने मिलकर सचमुच भौकाल मचा दिया है। ढेर सारा प्यार, सिर्फ प्यार, भाई!"'फुकरे' में साथ काम करने के बाद से पुलकित और अली की दोस्ती लगातार मजबूत हुई है। करीब 13 साल से एक-दूसरे के सफर के गवाह रहे दोनों कलाकारों का रिश्ता पेशेवर संबंधों से आगे बढ़कर गहरी दोस्ती में बदल चुका है।

पुलकित ने अली की जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी मां, पत्नी ऋचा चड्ढा और बेटी ज़ूनी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अली की इस सफलता के सफर में इन खास महिलाओं का योगदान भी अहम रहा है।

पुलकित का यह संदेश अली की सफलता के साथ-साथ दोनों कलाकारों की वर्षों पुरानी दोस्ती, संघर्ष और आपसी सम्मान को भी दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित