आईची-नागोया (जापान) , अक्टूबर 22 -- भारतीय एथलीटों ने गुरुवार को एशियाई पैरा खेलों की पुरुषों की ऊंची कूद टी 63 स्पर्धा में तीन पदक जीते। शैलेश कुमार ने स्वर्ण, वरूण भाटी ने रजत और राहुल ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
आज यहां हुई पुरुषों की ऊंची कूद टी- 63 फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों पदक अपने नाम किए और पोडियम पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया।
शैलेश कुमार ने 1.89 मीटर की बेहतरीन छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि वरुण भाटी ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ रजत हासिल किया। राहुल ने 1.81 मीटर की छलांग (जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है) लगाकर कांस्य पदक जीता।
यह शानदार उपलब्धि पैरा-एथलेटिक्स में भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाती है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय एथलीटों के समर्पण, दृढ़ता और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे को उजागर करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित