खैरागढ़-छुईखदान-गंडई , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में साइबर ठगी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए छुईखदान पुलिस और जिले की साइबर सेल ने अंतरराज्यीय ठग गिरोह के एक मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है,जिसकी जानकारी आज पुलिस ने दी । आरोपी को हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले से पकड़ा गया है, जो पुराने सिक्के और नोटों के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाता था।
पुलिस के अनुसार, पद्मावतीपुर निवासी प्रार्थी नेताराम देवांगन (39 वर्ष) को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला था। इसमें पुराने सिक्कों और नोटों के बदले बड़ी रकम मिलने का लालच दिया गया था। जब प्रार्थी ने 5 रुपये के पुराने नोट की तस्वीर भेजी, तो जालसाजों ने इसके बदले 37,94,000 रुपये दिलाने का वादा किया।
इस भारी-भरकम राशि को पाने के लालच में प्रार्थी उनके जाल में फंस गया। आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस, कस्टम क्लियरेंस और अन्य शुल्कों के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। इतना ही नहीं, पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी प्रार्थी से कुल 11,70,000 रुपये की वसूली कर ली गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित