उज्जैन , मई 28 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन शहर के महाकाल थाना क्षेत्र में पुराने विवाद के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नलिया बाखल क्षेत्र में देर रात 18 वर्षीय मोहित की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि घटना से पहले मोहित के मोबाइल पर किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ नलिया बाखल पहुंचा।

पुष्कर तालाब के पास हनुमान मंदिर गली में तीन से अधिक युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजन और दोस्तों ने चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित