मुरैना , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में चंबल नदी के किनारे पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले में रिठौरा खुर्द निवासी अतर सिंह गुर्जर की मौत हो गई। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को अतर सिंह अपने भतीजे के साथ चंबल नदी के किनारे भैंस चराने गए थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष के लोग वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। विरोध करने पर आरोपियों ने अतर सिंह पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें रात में मुरैना जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित