बुरहानपुर , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में तीन महीने पहले हुए विवाद को लेकर बुधवार शाम हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार लोधीपुरा निवासी धनराज (39) पिता अशोक तायड़े का बुधवार शाम करीब सात बजे गणपति नाका चौराहे के पास कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीन-चार युवकों ने धनराज पर चाकू से हमला कर दिया। उसके पेट के बायीं ओर चाकू के वार किए गए, जिनमें दिल के पास दो गहरे घाव लगे। गंभीर रूप से घायल धनराज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गणपति नाका थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोश जताया। नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद में युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित